उत्तराखंड (देहरादून) 26 अक्टूबर 2025: मंदिर की सीढ़ियों पर बैठकर शराब पी रहे कुछ युवकों को टोका तो उन्होंने परिवार के साथ मारपीट करते हुए युवक का सिर फोड़ दिया। इस घटना के बाद जमकर पथराव हुआ और पुलिस को शांति व्यवस्था बनाने के लिए पीएसी लगानी पड़ी। इस मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने 22 आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। इनमें 15 आरोपित अज्ञात हैं। जिनकी सीसीटीवी फुटेज से पहचान की जा रही है।
शहर कोतवाल प्रदीप पंत के अनुसार, मीनू कुमार निवासी खुड़बुड़ा ने बताया कि 22 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे वह बाजार से परिवार सहित अपने घर आ रहे थे। उन्होंने देखा कि धर्मा, रामू, पिंटू, सन्नी, करण, संजय और अन्य अज्ञात 15 व्यक्ति मंदिर की सीढ़ियों पर बैठकर शराब व सुल्फे का सेवन कर रहे थे। उन्होंने धर्मस्थल के बाहर नशा करने से मना किया तो आरोपितों ने उनके व उनके परिवार पर हमला कर दिया।
आरोपितों ने उनके बेटे राहुल के सिर पर धारदार हथियार से वार किया, जिससे उसका सिर फट गया। गंभीर रूप से घायल होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। आसपास के लोगों ने परिवार को बचाने का प्रयास किया तो दोबारा आरोपितों ने लाठियों से हमला कर दिया। इसके बाद पथराव करने लगे। बड़ी मुश्किल से उन्होंने घर के अंदर छिपकर अपनी जान बचाई।
