उत्तराखंड (मसूरी) 25 अक्टूबर 2025: मसूरी वन प्रभाग के रायपुर वन रेंज के अंतर्गत ग्राम मरोठा, पेसिफिक गोल्फ के निकट प्रतिबंधित प्रजाति तुन के वृक्ष का अवैध कटान कर लकड़ी का परिवहन की सूचना पर वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई की है। सूचना के आधार पर छापेमारी के दौरान टीम ने एक पिकअप वाहन को लकड़ी सहित पकड़ा और मौके पर ही सीज कर दिया गया।
उप प्रभागीय वनाधिकारी मसूरी वन प्रभाग डा. उदय गौड़ ने बताया कि क्षेत्र में तुन के अवैध कटान एवं परिवहन की शिकायत प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही विभागीय टीम ने तत्परता से कार्रवाई की और पिकअप वाहन को कब्जे में लिया। इस मामले में वृक्ष संरक्षण अधिनियम एवं वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा क्षेत्र में गश्त एवं निगरानी बढ़ा दी गई है और ऐसे अवैध कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी अवैध कटान या लकड़ी के अवैध परिवहन की सूचना मिले, तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें, ताकि ऐसे अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।
