उत्तराखंड (देहरादून) 25 अक्टूबर 2025: रोजगार मेले के अंतर्गत विभिन्न विभागों के लिए चयनित हुए 215 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर में 51 हजार अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित कराए। देहरादून सहित 40 शहरों में यह कार्यक्रम हुआ। प्रधानमंत्री ने सभी युवाओं को शुभकामनाएं दीं।
हाथीबड़कला स्थित सर्वे आफ इंडिया के सभागार में शुक्रवार को डाक विभाग की ओर से आयोजित रोजगार मेला कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर उत्तराखंड डाक परिमंडल की मुख्य पोस्टमास्टर जनरल शशि शालिनी कुजूर शामिल हुईं। उन्होंने उत्तराखंड डाक विभाग में नियुक्त 59 डाक सहायकों, रेलवे के 14, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के 81, स्टेट बैंक आफ इंडिया के 19, टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड (टीएचडीसी) के 41 और आइआइएम सिरमौर के एक सहित 215 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उत्तराखंड डाक सेवा परिमंडल के निदेशक अनसूया प्रसाद चमोला, रेलवे के मुख्य समाज कल्याण अधिकारी अनिल कुमार सैनी, आइटीबीपी के सहायक कमांडेंट अरविंद खंडूरी, स्टेट बैंक आफ इंडिया के राजीव कुमार सिंह, टीएचडीसी की मुख्य प्रबंधक झरना दलाई आदि अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
