उत्तराखंड (देहरादून) 24 अक्टूबर 2025: सहारनपुर चौक स्थित एटीएम के अंदर एक व्यक्ति का शव मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पहचान के लिए कोरोनेशन अस्पताल में रखवा दिया है। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस अब तक यह मान रही है कि मृतक कोई नशेड़ी हो सकता है। शहर कोतवाल प्रदीप पंत ने बताया कि गुरुवार को सूचना मिली कि सहारनपुर चौक स्थित आइडीबीआइ बैंक के एटीएम बूथ के अंदर से बदबू आ रही है। पुलिस टीम मौके पर भेजी गई, तो पता चला कि एटीएम बूथ के अंदर एक व्यक्ति मृत पड़ा था। तत्काल एंबुलेंस बुलाकर मृतक के शव को कोरोनेशन अस्पताल भिजवाया गया। उन्होंने बताया कि एटीएम अक्सर खराब रहता है ऐसे में लोग कम ही इस एटीएम का इस्तेमाल करते हैं। माना जा रहा है कि कोई नशेड़ी एटीएम के अंदर गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। इस दौरान एटीएम के अंदर कोई नहीं गया, जिसके कारण घटना की पुलिस को सूचन नहीं मिल पाई। मृतक के शव को पहचान के लिए कोरोनेशन अस्पताल में रखवा दिया है।
