
सिपाही को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेजा
उत्तराखंड (ऋषिकेश) 25 अप्रैल 2024: पौड़ी गढवाल के थाना लक्ष्मणझूला में तैनात एक सस्पेंड चल रहे कांस्टेबल ने यहीं तैनात चौकी प्रभारी पर फरसे से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया गया है।उसे न्यायालय में पेश किया गया,जहां से उसे जेल भेज दिया गया।थाना लक्ष्मणझूला की जल पुलिस में तैनात कांस्टेबल अनुराग पाल को अधिकारियों ने ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने और अनुपस्थित रहने के कारण पूर्व में बर्खास्त कर दिया था। मंगलवार की दोपहर रामझूला चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राज विक्रम सिंह पंवार के साथ इस सिपाही का किसी मामूली बात के बाद विवाद हो गया। सिपाही अपने साथ फरसा लेकर आया था उसने विवाद ही विवाद में उपनिरीक्षक पर हमला कर दिया। उप निरीक्षक के गर्दन और कंधे के बीच घातक चोट आई है। उप निरीक्षक को राजकीय चिकित्सालय में ले जाया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सैनी ने बताया कि आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया गया है।बुधवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया. जहां से उसे प्राण घातक हमला करने के आरोप में न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।