उत्तराखंड (देहरादून) 7 अक्टूबर 2025: तारा जोशी फाउंडेशन की सचिव किरन जोशी ने कहा कि सात से 13 अक्टूबर तक परेड ग्राउंड मैदान में कला, शिल्प और संस्कृति का भव्य समागम श्रोत महोत्सव आयोजित होगा। इसमें देशभर के 100 से अधिक कारीगर, कलाकार और स्वयं सहायता समूह प्रतिभाग करेंगे। वहीं, मशहूर फिल्म अभिनेता पंकज त्रिपाठी और पद्मश्री उस्ताद अनवर खान मांगणियार भी महोत्सव में शिरकत करेंगे। पत्रकारों से वार्ता में किरन जोशी ने कहा कि श्रोत महोत्सव का उद्देश्य भारत के पारंपरिक हथकरघा, हस्तशिल्प, लोक संगीत-नृत्य व ग्रामीण कलात्मकता को पुनर्जीवित करना है। कार्यक्रम में वोकल फोर लोकल की भावना को सशक्त किया जाएगा। वहीं, लाइव शिल्प प्रदर्शन, युवा-केंद्रित सत्र और शाम को प्रसिद्ध कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल रहेंगी। समारोह का शुभारंभ सात अक्टूबर को फिल्म अभिनेता पंकज त्रिपाठी करेंगे। वहीं, राजस्थान के महान लोक संगीतकार पद्मश्री उस्ताद अनवर खान मांगणियार प्रस्तुति देंगे।
