उत्तराखंड (विकासनगर) 2 अक्टूबर 2025: सेलाकुई थाने की पुलिस ने किशोरी को बहला-फुसलाकर अपहरण कर दुष्कर्म करने के आरोप में हरदोई (उत्तर प्रदेश) के युवक को गिरफ्तार किया है। 22 सितंबर को एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर दी थी कि उसकी नाबालिग पुत्री घर से बिना बताए कहीं चली गई है। इस आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की।
परिवार ने आशंका जताई कि उसकी पुत्री को दूसरे समुदाय का युवक बहला फुसलाकर साथ ले गया है। पुलिस ने आरोपित के मोबाइल नंबर और इंटरनेट मीडिया अकाउंट की निगरानी की। इससे पुलिस को जानकारी मिली कि किशोरी हरदोई में है। ऐसे में एक टीम हरदोई के लिए रवाना की गई। इस बीच किशोरी को सराय थोक हरदोई से बरामद किया गया। किशोरी ने बताया कि उसे सराय थोक हरदोई निवासी अफान पुत्र उस्मान अली बहला-फुसलाकर अपने साथ लाया था। आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस आधार पर अफान को गिरफ्तार कर लिया गया। थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि आरोपित सेलाकुई में रहता था। उसका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
