प्रत्येक पद पर केवल एक-एक नामांकन पत्र ही खरीदा गया
उत्तराखंड (चकराता) 25 सितंबर 2025: श्री गुलाब सिंह राजकीय महाविद्यालय चकराता में छात्र संघ चुनाव एक बार फिर निर्विरोध होने की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। प्रत्याशियों ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह-सचिव, कोषाध्यक्ष और विवि प्रतिनिधि पदों पर नामांकन पत्र दाखिल किए। चुनाव समिति के अनुसार, प्रत्येक पद पर केवल एक-एक नामांकन पत्र ही खरीदा और दाखिल किया गया है। 24 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच के बाद अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।
वर्तमान स्थिति को देखते हुए यह लगभग तय माना जा रहा है कि इस बार भी सभी पदों पर निर्विरोध चुनाव होंगे। गौरतलब है कि 2004-05 में महाविद्यालय की स्थापना के बाद से छात्र संघ चुनाव प्रायः आपसी सहमति से निर्विरोध होते रहे हैं। केवल -सत्र 2015-16, 2016-17 और 2017-18 में ही मतदान की स्थिति बनी थी। इसके बाद से लगातार आपसी तालमेल और सौहार्दपूर्ण वातावरण में निर्विरोध प्रतिनिधि चुने जाते रहे हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. सुमेरचंद सुमन ने बताया कि छात्रों द्वारा आपसी सहमति से ही प्रत्येक पद पर नामांकन किया गया है। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशुतोष शरण सहित नामांकन समिति के सदस्य डॉ. सविता कंडारी, डॉ. शिवांगी उपाध्याय, डॉ. प्रवेश कुमार त्रिपाठी और अन्य प्राध्यापक मौजूद रहे। विकासनगर। वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डाकपत्थर में छात्र संघ चुनाव 2025-26 के नामांकन को लेकर कुल 20 प्रत्याशियों ने विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्र जमा किए है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए 3, उपाध्यक्ष के लिए 4, सचिव के लिए 3, सह सचिव के लिए 3, कोषाध्यक्ष के लिए 3 और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के लिए 4 नामांकन प्राप्त हुए हैं।
