उत्तराखंड (देहरादून) 23 सितंबर 2025: भाजपा विधायक खजान दास ने दावा किया है कि पेपर लीक नहीं हुआ, परीक्षा प्रक्रिया को बदनाम करने की मंशा से पेपर के स्क्रीन शॉट बाहर भेजे गए। इसकी जांच चल रही है साजिश के दोषी को बख्शा नहीं जायेगा। उन्होंने कहा कि सिर से पांव तक भ्रष्टाचार में डूबी कांग्रेस अब पेपर लीक पर झूठा ज्ञान बांट रही है। कांग्रेस का कुछ भी कहना ऐसे है जैसे, सूप तो बोले, छलनी भी बोले जिसमें हजार छेद हैं।
खजान दास ने कहा कि विगत तीन वर्षों में धामी सरकार की पारदर्शी एवं ईमानदार परीक्षा प्रक्रिया के तहत 25 हजार से अधिक नियुक्तियां हुई हैं। इनमें किसी एक पर भी कोई गड़बड़ी या घोटाले का आरोप नहीं लगा सकता है। लेकिन अभी जिस तरह की जानकारी कल संपन्न हुई परीक्षा के संदर्भ में सामने आई उसे सरकार द्वारा बहुत गंभीरता से संज्ञान में लिया गया है। अभी जांच जारी है और प्रथम दृष्टया पेपर लीक की संभावना नही बताई जा रही है। किसी ने साजिशन परीक्षा शुरू होने के 35 मिनट बाद प्रश्न पत्र के स्क्रीन शॉट बाहर भेजे। पूरे प्रकरण में उनकी मंशा भर्ती प्रक्रिया को बदनाम करने की बताई जा रही है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि प्रदेश में देश का सबसे कठोर नकल कानून लागू है, लिहाजा कोई भी दोषी पाया गया उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का ट्रैक रिकार्ड बताता है कि किसी ने भी गड़बड़ी की कोशिश की तो वह आज कानून के शिकंजे में है।
वहीं कांग्रेस की सरकारों में तो कोई भर्ती ऐसी नहीं रही, जिसमें भ्रष्टाचार, गड़बड़ी और नकल के आरोप न लगे हैं। पटवारी घोटाला, दरोगा घोटाला, उद्यान विभाग और शिक्षा में नियुक्ति घोटाला आदि सभी में गंभीर आरोप लगे। आज हमारी सरकार छोटे से छोटे प्रकरण में भी जांच करवाती है, लेकिन इनकी सरकारों में तो जांच करने के लिए भी जन आंदोलन का सहारा लेना पड़ता था। कई भर्तियां तो ऐसी रही, जिनमें हमारी सरकार आने के बाद युवाओं को न्याय मिला।
