उत्तराखंड (देहरादून) 23 सितंबर 2025: दून के पितंबरपुर मजार के पास जंगल में एक युवती का बोरे में बंद शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में मृतका के परिजनों ने उसके भाई पर ही हत्या का शक जताया है, जो घटना के बाद से फरार है।
थाना बसंत विहार को सोमवार सुबह एक अज्ञात युवती का शव जंगल में झाड़ियों के बीच एक सफेद बोरे में पड़ा होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को बाहर निकाला। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद मृतका की पहचान विशाखा (22) पुत्री बुधराम निवासी प्रेमनगर के रूप में हुई। युवती के चचेरे भाई रोहित कुमार ने इस मामले में बसंत विहार थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पूछताछ में पता चला कि विशाखा का अपने भाई विशाल के साथ अक्सर झगड़ा होता रहता था। परिजनों ने भी विशाल पर ही हत्या का शक जताया है। आरोपित बाद से ही फरार है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
