उत्तराखंड (देहरादून) 13 सितंबर 2025: दून की सड़कों को चमकाने के लिए नगर निगम आधुनिक तकनीक का सहारा लेने जा रहा है। नगर निगम ने स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत जर्मन तकनीक की आधुनिक स्वीपिंग मशीनें खरीदी हैं, जिनकी कीमत करीब साढ़े छह करोड़ रुपये है। ट्रायल रन के बाद जल्द इन्हें सड़कों पर उतारा जा सकता है।
नगर निगम की ओर से शहर के मुख्य मार्गों पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए मशीनों की खरीद की गई हैं। शहर में 100 वार्ड हैं, जो करीब 200 वर्ग किलोमीटर के बड़े क्षेत्र में फैला है। शहर में सड़कों की सफाई का जिम्मा नगर निगम का है। सफाई कर्मियों से मोहलों की सड़कों पर तो सफाई कराई जाती है, लेकिन मुख्य मार्गों पर स्वच्छता बनाए रखने में निगम फिसड्डी साबित हो रहा था। ऐसे में दो वर्ष पूर्व नगर निगम ने प्रस्ताव तैयार किया था कि 10 रोड स्वीपिंग मशीनों की खरीद की जाएगी। लेकिन योजना परवान नहीं चढ़ सकी। अब नगर निगम ने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत मशीनों की खरीद शुरू कर दी है। हाल ही में जारी स्वच्छ वायु रैंकिंग में दून की लंबी छलांग के बाद नगर निगम का भी मनोबल बढ़ा है और अब शीर्ष 10 में शामिल होने के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अविनाश खन्ना ने बताया कि जल्द ही मशीनों का ट्रायल किया जाएगा।
