आरोपितों के कब्जे से 990 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल व टैबलेट बरामद
उत्तराखंड (देहरादून) 11 सितंबर 2025: दून में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में क्लेमेटाउन थाना पुलिस ने दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों के पास से 990 नशीले टैबलेट और कैप्सूल बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक 10 सितंबर को टीम आशारोड़ी के पास गाड़ियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उन्होंने एक संदिग्ध स्कूटी को रोका।
स्कूटी पर सवार दो लोगों को तलाशी के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 750 नशीली टैबलेट और 240 नशीले कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने दोनों आरोपितों आसिफ निवासी सहारनपुर हाल पता क्लेमेंटटाउन और शादाब आलम निवासी भारुवाला थाना क्लेमेंटटाउन को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी सीज कर दिया गया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे पिछले 4-5 साल से दोस्त हैं और खुद भी नशे के आदी हैं। उन्होंने ये नशीले कैप्सूल और टैबलेट छुटमलपुर के एक नशेड़ी से खरीदे थे। उनका मकसद इन टैबलेट्स को देहरादून में ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाना था। दोनों आरोपितों के खिलाफ क्लेमेटाउन थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
