उत्तराखंड (देहरादून) 5 सितंबर 2025: साइबर ठगों ने महिला को फोन पर बैंक खाता ब्लाक होने के नाम पर डराया और खाते की गोपनीय जानकारी हासिल करते हुए एफडी में जमा 13.45 लाख रुपये निकाल दिए। इस मामले में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दी शिकायत में विजय शर्मा निवासी पटेलनगर ने बताया कि 21 अगस्त को उनकी पत्नी के मोबाइल पर फोन आया। सामने वाले ने कहा कि वह यूनियन बैंक आफ इंडिया का कर्मचारी है। उसने पेन कार्ड का विवरण मांगा और कहा कि पेन कार्ड की जानकारी नहीं दी तो उनका खाता ब्लाक हो जाएगा। आरोपित ने डेबिट कार्ड नंबर, सीवीवी, खाता संख्या, इंटरनेट आईडी और पासवर्ड आदि मांगा। इसके बाद उन्हें फोन आया कि उनकी एफडी खत्म हो रही है और सभी एफडी की जानकारी लेते हुए जमा 13.45 लाख रुपये निकाल लिए। पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
