उत्तराखंड (देहरादून) 22 अगस्त 2025: घर से नाराज होकर गई महिला व उसके बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनो को सौप राजपुर पुलिस ने एक परिवार की खुशियां लौटाई है। महिला की कॉउंसलिंग कर उसे परिवार का महत्व समझाया। परिजनों ने पुलिस की सराहना कर आभार व्यक्त किया ।
थाना राजपुर पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि उनकी बहू परिजनो से नाराज होकर अपने 03 साल के बेटे के साथ घर से बिना बताए कहीं चली गई है। जिसे काफी तलाश किया गया परन्तु वह नहीं मिली। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर महिला व बच्चे की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने तत्काल गुमशुदा महिला व बच्चे की फोटो को विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपो व सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए महिला की तलाश को जानकारी दी। साथ ही गुमशुदा महिला के घर के आसपास व आने जाने वाले रास्तो पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों को खंगालते हुए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया ।
इसके अलावा इलेक्ट्रानिक सर्विलांस के जरिए गुमशुदा महिला व उसके बच्चे के संबंध में जानकारियां जुटाई गई। पुलिस टीम द्वारा किए जा रहे लगातार प्रयासों स्ने महिला के चण्डीगढ में होने के सम्बन्ध में जानकारी मिली। जिस पर एक टीम को तुरंत चण्डीगढ़ रवाना किया गया। जहां से पुलिस गुमशुदा महिला व उसके बच्चे को सकुशल बरामद कर देहरादून लाई। महिला व उसके परिजनो की कॉउंसिल कर उन्हें पारिवारिक रिश्तों के महत्व को समझाते हुए साथ जीवन व्यतीत करने के लिए राजी कर महिला व बच्चे को परिजनों के सुपुर्द किया गया। महिला व बच्चे को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने उत्तराखण्ड पुलिस की कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए दून पुलिस का आभार व्यक्त किया ।
