उत्तराखंड (देहरादून) 17 अगस्त 2025: पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पंचायत चुनाव में पिछले दिनों जो कुछ हुआ उसे लेकर भाजपा पर हमला बोला। वह सितंबर से प्रदेशभर में न्याय यात्रा शुरू कर जनता की अदालत में जाएंगे। कांग्रेस भवन में मीडिया से हुई वार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार पर आरोप लगाया कि धामी सरकार ने धन बल, पुलिस, प्रशासन और गुणा तत्वों के समन्वय से जिला और क्षेत्र पंचायत सदस्यों का अपहरण किया। नैनीताल, द्वाराहाट, बाजपुर, बेतालघाट में इस तरह की घटनाएं हुई। पूर्व सीएम ने कहा कि लोकतंत्र अपनी विभिन्न संस्थाओं से गतिमान व्यवस्था है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पुलिस और प्रशासन ने सत्तारुढ़ दल के लिए वोट जुटाने का काम किया है। राज्य में कई क्षेत्रों में पुलिस और प्रशासन के बल पर चुने हुए जनप्रतिनिधियों का अपहरण करके परिणाम जबरन अपने पक्ष में कराए गए।
