उत्तराखंड (देहरादून) 12 अगस्त 2025: देर रात से हो रही भारी बारिश के बीच हालातों पर नजर रखने के लिए एसएसपी ग्राउंड जीरो पर डटे रहे। उन्होंने नगर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावितों व संवेदनशील स्थानों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के निर्देश दिए। देर रात से लगातार हो रही भारी बरसात के कारण नदी व नालों के उफान पर आने से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति होने व नेहरू कालोनी क्षेत्र में रिस्पना नदी के किनारे का पुश्ता ढहने से दो मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया।
क्षतिग्रस्त मकानों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के निर्देश दिए, साथ ही आस-पास के लोंगों से वार्ता कर नदी के बढ़ते जल स्तर के दृष्टिगत नदी किनारे न जाने की हिदायत दी। इसके अलावा सभी अधिकारियों को अलर्ट रहते हुए हर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा सभी थाना प्रभारियों को आपदा उपकरणों के साथ पुलिस टीम को तैयारी की दशा में रखने और आपदा सम्बन्धी किसी भी सूचना पर त्वरित रिस्पांस करते हुए कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
