उत्तराखंड (देहरादून) 25 जुलाई 2025: असम की युवती का शव मिलने के प्रकरण में कुछ संगठन के पदाधिकारियों ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच करने की मांग की है। बृहस्पतिवार को संगठन के पदाधिकारियों ने प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता आयोजित कर कहा कि पुलिस इस मामले को आत्महत्या मान कर मामले को रफादफा करने में लगी है, लेकिन कई ऐसे तथ्य हैं जिससे यह अंदेशा हो रहा है युवती की हत्या की गई है। इसलिए पुलिस को इस मामले में संजीदगी दिखाते हुए हत्या मान कर जांच को आगे बढ़ना चाहिए।
बता दें कि मृतक युवती असम के दीमा हसाओ जिले की रहने वाली थी। वह रेलवे भर्ती बोर्ड की परीक्षा देने के लिए दिल्ली आई थी, लेकिन छह जून से लापता हो गई थी। बाद में उसका शव उत्तराखंड के पौड़ी जिले में गंगा नदी – से बरामद किया गया। पुलिस ने शव बरामद होने की पुष्टि की है, लेकिन पुलिस मामले को आत्महत्या के एंगल से जांच कर रही है। रोस्मिता के परिवार ने दो आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है, जिनके साथ आखिरी बार देखी गई थी।
