उत्तराखंड (देहरादून) 11 जुलाई 2025: श्री महंत इंदिरेश अस्पताल ने बुधवार को प्रीतम रोड स्थित चेशायर होम में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया। शिविर में 105 पुरुष व महिला मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इससे पहले चेशायर होम के चेयरमैन डा. वेद प्रकाश पाठक ने शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल के चेयरमैन श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज सदैव विशेष बच्चों और समाज के कमजोर वर्गों के लिए समर्पित रहे हैं। यह शिविर भी उसी सेवा भावना का प्रमाण है।
शिविर में अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों को परामर्श दिया और ईसीजी, ब्लड शुगर, रक्तचाप आदि की जांचें निशुल्क की। साथ ही दवाईयां भी वितरित की गई। अस्पताल के मेडिसिन विभाग के डा. साहिल गुप्ता, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की डा. सिमरन डांग, नाक कान व गला रोग विभाग की डा. दीक्षा लोहानी, नेत्र रोग विभाग के डा. पलाश बाउड़ी और शिशु व बाल रोग विभाग के डा. मोहम्मद शाबान ने मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श दिया। इस दौरान अस्पताल के उप वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी हरिशंकर गौड़, दिनेश रतूड़ी, प्रदीप श्रीवास्तव, ममता गुप्ता, जितेन्द्र नाथ, भूपेन्द्र सिंह आदि भी मौजूद रहे।
