उत्तराखंड (मसूरी)11 जुलाई 2025: पर्यटन नगरी में लगातार हो रही बारिश से जन जीवन प्रभावित हो रहा है। यहां पुराने टिहरी बस स्टैंड के समीप एक बांज का पेड़ टूट कर रोड पर गिर गया। जिसकी चपेट में आकर एक कार व स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गयी। एक घंटे की मशक्कत के बाद पेड़ काट कर यातायात सुचारू किया गया।
मलिंगार से पुराने टिहरी बस स्टैंड मार्ग पर एक बांज का पेड़ टूटकर रोड पर गिर गया। पेड़ गिरने से एक कार और स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि उस समय रोड पर कोई नहीं था जबकि इस मार्ग पर लगातार लोगों की आवाजाही रहती है। वरना बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। पेड़ गिरने की सूचना पर पुलिस, फायर व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी से पेड़ को किनारे किया गया। एक घंटे की मशक्कत के बाद रोड पर यातायात सुचारू किया गया। वन विभाग के दरोगा अभिषेक सजवाण ने बताया कि बरसात के समय अक्सर ऐसी घटनाएं हो जाती है लेकिन वन विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ को हटाया गया।
