उत्तराखंड (देहरादून) 7 जुलाई 2025: अजबपुर कलां के पूर्व पार्षद व पूर्व प्रधान भूपेन्द्र फरासी ने क्षेत्रीय विधायक पर रायपुर विधान सभा क्षेत्र में विकास कार्यों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विधायक की उपेक्षा के चलते रायपुर विधान सभा क्षेत्र विकास में पिछड़ता जा रहा है।
शनिवार को प्रेस क्लब में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में भूपेन्द्र फरासी ने कहा कि रायपुर विधान सभा क्षेत्र की जनता मोदी के नाम पर भाजपा विधायक को उत्तराखण्ड में सबसे ज्यादा वोटों से जिताते आ रही है, लेकिन चुनाव जीतने के बाद विधायक आम जन मानस से कन्नी काट रहे हैं। रायपुर विधानसभा क्षेत्र के हर वार्ड में सड़क पर पानी भरा रहता है लेकिन जलभराव से निपटने के लिए काई कदम नहीं उठाया गया। साथ ही सीवर लाइन भी ओवर फ्लो होती रहती है। जल निगम द्वारा पीडब्लूडी की सड़क पर सीवर लाइन के लिए 10 माह पहले सड़क को खोद कर छोड़ दिया गया है। इससे आए दिन दुघर्टनाएं हो रही हैं। इस संबंध में क्षेत्रीय लोगों ने दो माह पहले प्रदर्शन भी किया, लेकिन स्थिति की जस की तस बनी हुई है। इसके लिए क्षेत्रीय विधायक जिम्मेदार हैं। इसके अलावा क्षेत्र में पीने का पानी, बिजली, ट्रैफिक, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा, नदी किनारे वाली बस्तियां समेत अनेक मुद्दों पर रायपुर विधायक उदासीन बने हुए हैं।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश सहसचिव ललित थपलियाल, कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष विजय गुप्ता, संजय उनियाल, ललित भद्री, मातावाला वार्ड के कांग्रेस अध्यक्ष अनिरूद्ध डोबरियाल आदि मौजूद थे।
