उत्तराखंड (हल्द्वानी) 26 जून 2025: मानसून की पहली बारिश सुशीला तिवारी अस्पताल के चार दिन के नवजात औश्र परिजनों के लिए काल बन गई। अस्पताल से डिस्चार्ज के बाद अपने गांव भरा (किच्छा) लौटते समय कार मंडी क्षेत्र से सटे फायर स्टेशन के पास अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। घटना में चार लोगों की मौत हो गई है, ‘जबकि तीन लोग घायल हैं। दुर्घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व काबीना मंत्री सौरभ बहुगुणा ने दुख व्यक्त किया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे के आसपास राकेश अपनी पत्नी व नवजात शिशु को डिस्चार्ज कराकर रिश्तेदारों के साथ अपने गांव के लिए वाहन संख्या यूके 06 एएक्स8728 (एक्सयूवी 300) में निकले। बताया जा रहा है कि कार अनियंत्रित होकर ट्रांसपोर्ट नगर को जाने वाली सड़क फायर स्टेशन क पास नहर में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान नीतू (34) पत्नी रमेश, कमला देवी (51) पत्नी रामपाल, राकेश (32) पुत्र नत्थूलाल और चार दिन के एक नवजात के रूप में हुई है।
वहीं इस हादसे में रमा पत्नी राकेश, रमेश पुत्र नत्थूलाल और वाहन चालक श्यामलाल घायल हो गए इनका सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किसर और कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि नहर में गिरा वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, फंसे लोगों को निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
