उत्तराखंड (देहरादून) 21 जून 2025: उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार एक बारफिर अपने ही भीतर उठी आवाजों से घिरती नजर आ रही है। भाजपा के लैंसडौन विधायक महंत दिलीप रावत ने प्रदेश में फैले भ्रष्टाचार, प्रशासनिक अनियमितताओं और सरकार की विफलता को लेकर जिस प्रकार से सार्वजनिक रूप से सवाल उठाए हैं, वह बेहद गंभीर और चौंकाने वाले हैं। अब यह बात किसी विपक्ष के नेता की नहीं रही बीजेपी के भीतर से ही अब आवाज उठने लगी है, जो इस बात का प्रमाण है कि धामी सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में लिप्त है और जनता से जुड़े मुद्दों पर असंवेदनशील हो चुकी है। नेगी ने कहा कि जब खुद सत्ताधारी दल के विधायक सरकार को सवालों के घेरे में खड़ा कर रहे हैं, तो यह साफ है कि प्रदेश का प्रशासन अब जनहित से नहीं, सिर्फ अपने निजी हितों से संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की मांग है कि महंत दिलीप रावत द्वारा उठाए गए सभी सवालों की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच करवाई जाए।
