उत्तराखंड (देहरादून) 29 मई 2025: पेड़ की छंटाई कर रहे वन विभाग के अस्थाई कर्मचारी की नीचे गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। घटनास्थल के पास हाई वोल्टेज बिजली की लाइन भी है। ऐसे में पुलिस दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि घटना सोमवार को हुई थी। आईआईपी मोहकमपुर के पीछे आशारोड़ निवारी आरिफ उर्फ रफीक एक पेड़ की कटाई-छंटाई कर रहे थे। इस दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पेड़ से नीचे गिर गए। स्थानीय लोगों ने आरिफ को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मंगलवार को जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। आरिफ वन विभाग में अस्थाई कर्मचारी थे। जिस स्थान से आरिफ गिरे थे उसकी ऊंचाई करीब 30 फीट है। पास से ही एक 220 केवी की विद्युत लाइन भी गुजर रही है। आरिफ के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
