उत्तराखंड (मसूरी) 28 मई 2025: सर जार्ज एवरेस्ट में चल रहे विवाद में नया मोड़ आ गया है, जिसमें लोक सूचना आयुक्त ने पर्यटन विभाग साहसिक के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी को आयोग के आदेशों की अवहेलना करने पर नोटिस जारी करते हुए लोक सूचना अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई करने की संस्तुति दी है।
उत्तराखंड एकता संघर्ष समिति के अध्यक्ष प्रकाश राणा ने पत्रकारों को बताया कि सेना के कर्नल अश्विनी पुंडीर उत्तराखंड पर्यटन विभाग साहसिक में डेपुटेशन पर आये। उन्होंने एक कंपनी को जार्ज एवरेस्ट बेच दिया। जब सूचना मांगी गई तो वह एक भी पेशी में नहीं आये, जिसकी अपील लोक सूचना आयुक्त के यहां की गई। इस पर उन्होंने सुनवाई करते हुए कर्नल पुंडीर को नोटिस जारी किया। नोटिस में कहा गया कि कर्नल पुंडीर सूचना देने के बाद भी पेशी में नहीं आए।
प्रकाश राणा ने कहा कि कर्नल पुंडीर के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सेना की छवि खराब की है। बताया कि यह मामला हाईकोर्ट नैनीताल में भी चल रहा है। कोर्ट ने विवाद हल न होने तक किसी भी प्रकार के शुल्क लेने पर रोक लगाई, लेकिन अभी भी वहां शुल्क लिया जा रहा है। इस पर कोर्ट के आदेशों की अवमानना मामले के लिए कार्रवाई की जा रही है। इस मौके पर गौरव गुप्ता भी मौजूद थे।
