उत्तराखंड (देहरादून) 27 मई 2025 : एक दिन बरसात के बावजूद लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। सोमवार को उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान रखा। अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हालांकि मौसम विभाग ने कहा अगले दो दिन तेज बारिश की संभावना है।
दून में एक दिन हुई बरसात के बाद लोगों ने कुछ समय के लिए चैन की सांस ली थी लेकिन सोमवार को दिन में उमस भरी गर्मी ने लोगों को फिर से बेहाल कर दिया। आलम यह था कि लोगों को पंखों से राहत नहीं मिल रही थी। हर किसी के पसीने छूट रहे थे। सुबह के समय मौसम कुछ सही था लेकिन दस बजे के बाद तपिश बढ़ गई। इसका असर बाजारों और सड़कों पर भी दिखा। शाम तक गर्मी का सिलसिला यूं ही बरकरार रहा और शाम के बाद ही लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। सोमवार को देहरादून के मालदेवता क्षेत्र में हल्की बरसात भी हुई जिसके कारण उमस और बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तेज बारिश होने की उम्मीद है जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
