उत्तराखंड (गोपेश्वर) 13 मई 2025: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को वाण गांव स्थित लाटू देवता मंदिर के कपाटोद्घाटन समारोह में प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान सीएम नंदा देवी राजजात यात्रा को भव्य व दिव्य बनाने के लिए अधिकारियों के साथ मंथन करेंगे। जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सीएम धामी सोमवार को दोपहर 2.45 से 3.30 बजे तक सिद्ध पीठ लाटू मंदिर के कपाटोद्घाटन मौके पर दर्शन व पूजा अर्चना करेंगे। इसके साथ ही वे 3.40 से 4.20 बजे तक नंदा राजजात यात्रा-2026 की तैयारियों के संबंध में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
बताते चलें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब मुखवा आए थे तो तब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिमालयी महाकुंभ नंदा देवी राजजात को प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भव्य व दिव्य बनाने का संकल्प लिया था। इसके तहत बीते माह सीएम की अध्यक्षता में इस आयोजन को लेकर सीएम की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक हुई। अब सोमवार को सीएम लाटू देवता के दरबार में आ रहे है तो इस अवसर पर वे प्रस्तावित नंदा राजजात की तैयारियों पर मंथन करेंगे। श्री नंदा देवी राजजात समिति के महामंत्री भुवन नौटियाल के अनुसार सीएम अपने संकल्प को गति देने के लिए भगवती नंदा के धर्म भाई लाटू देवता के मंदिर में पूजा अर्चना कर जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक कर राजजात यात्रा को लेकर बुनियादी सुविधाओं पर जोर देंगे। राजजात यात्रा के लिए अब 14 माह का समय ही रह गया है। नौटियाल ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार केंद्र सरकार से विशेष पैकेज लाने में सफल होगी और यात्रा से पूर्व युद्ध स्तर पर सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।
