उत्तराखंड (विकास नगर) 9 मई 2025: पछवादून में बढ़ती गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। वहीं, बिजली कटौती से लोग परेशान हैं।
बुधवार को एनफील्ड फीडर का मेंटेनेंस किए जाने के कारण बुलाकीवाला, दिनकर विहार, कोठियाल रोड, भोजावाला, बादामावाला, पश्चिमीवाला में सुबह 10 बजे से बिजली आपूर्ति ठप रही। कई घरों में पीने का पानी भी नहीं मिल पाया। नगर में पेयजल आपूर्ति के लिए अधिकतर लोग बोर पर निर्भर हैं, सुबह से ही लाइट नहीं होने से पीने का पानी के लिए भी मशक्कत करनी पड़ रही है। बुधवार को एनफील्ड फीडर से जुड़े क्षेत्रों की करीब 20 हजार की आबादी दिन भर बिना बिजली के गर्मी से की बिलबिलाती रही। भीषण गर्मी में एक तरफ लोगों का बाहर मा। निकलना मुश्किल हो गया तो दूसरी तरफ बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों के लिए मुसीबत बन गई। घरों के अंदर भी गर्मी से व्याकुल होकर लोग पेड़ पौधों की छांव का आसरा लेते नजर आए।
शाम पांच बजे आपूर्ति बहाल होने के बाद लोगों को राहत मिली। स्थानीय निवासी संतोष नेगी, शांति प्रसाद सकलानी, महावीर सिंह बिष्ट, दयाराम जोशी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह आठ बजे ही बत्ती गुल हो गई थी, उनकी दिनचर्या प्रभावित हुई। उधर, अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना ने बताया कि बिजली कटौती की सूचना पहले से दी गई है।
