उत्तराखंड (देहरादून) 7 मई 2025: प्रदेश सरकार ने सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता दो फीसद बढ़ाकर 53 प्रतिशत से 55 प्रतिशत कर दिया है। सचिव वित्त को ओर से जारी शासनादेश के मुताबिक सातवां वेतनमान पाने वाले राज्य सरकार और राज्य कर्मचारियों, सहायता प्राप्त शिक्षण और प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं व शहरी स्थानीयनिकायों के नियमित, पूर्णकालिक कर्मचारियों, कार्यप्रभारित कर्मचारियों, यूजीसी वेतनमानों में कार्यरत पदधारकों को एक जनवरी 2025 से मूल वेतन में अनुमन्य महंगाई भत्ते की वर्तमान दर 53 प्रतिशत को बढ़ाकर 55 प्रतिशत प्रतिमाह कर दिया गया है। बता दें कि इन कार्मिकों को जुलाई, 2024 से 53 फीसद की दर से प्रतिमाह महंगाई भत्ता दिया जाता था। कार्मिकों को एक जनवरी से 30 अप्रैल, 2025 तक के पुनरीक्षित मंहगाई भत्ते के अवशेष (एरियर) का भुगतान नकद किया जायेगा और एक मई 2025 से मंहगाई भत्ते का भुगतान नियमित रूप से वेतन के साथ सम्मिलित कर किया जायेगा।
