उत्तराखंड (कालसी) 4 मई 2025: जौनसार बावर क्षेत्र के लोगों ने भवन निर्माण के लिए खनन सामग्री निशुल्क मुहैया कराने की मांग जिला प्रशासन से की है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन प्रेषित किया है।
क्षेत्र के लोगों ने ज्ञापन में बताया कि परगना जौनसार बावर के लोगों को निजी भवनों के निर्माण, मरम्मत आदि के लिए निर्माण सामग्री रेता, बजरी निशुल्क मिलती थी लेकिन वर्तमान समय में स्थानीय लोगों को पुरानी व्यवस्था का लाभ नहीं मिल पा रहा है। शासन के कुछ फैसलों से स्थानीय लोग अपने हक हकूक के अधिकारों से वंचित हो रहे हैं। लोगों को ऊंचे दाम में बाजार से रेत बजरी खरीदनी पड़ रही है।
ज्ञापन में कहा कि आर्थिक तौर पर कमजोर जनजाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों को अपने लिए आशियाना बनाना भी मुश्किल हो गया है। कहा कि जौनसार बावर परगने की परिस्थितियों को देखते हुए क्षेत्र के लोगों को पुरानी व्यवस्था के तहत खनन सामग्री निशुल्क मुहैया कराई जानी चाहिए। ज्ञापन भेजने वालों में शूरवीर सिंह तोमर, आनंद सिंह, श्याम दत्त वर्मा, चतर सिंह, महेंद्र सिंह, भवानी सिंह तोमर, अंजीत चौहान, सुखपाल तोमर, उमादत्त जोशी आदि शामिल रहे।
