उत्तराखंड (देहरादून) 22 अप्रैल 2025: सहस्रधारा क्रासिंग स्थित एक पुस्तक विक्रेता पर उत्तराखंड क्रांति दल ने कार्रवाई की मांग की। आरोप लगाया कि एक निजी स्कूल के छात्र को कुछ किताबों की जरूरत थी, मगर विक्रेता ने पूरा सेट लेने को बाध्य किया। अभिभावक ने इसकी शिकायत उक्रांद के जनसुनवाई शिविर में की थी। सोमवार को उक्रांद की केंद्रीय महामंत्री किरन रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने निजी स्कूल एवं पुस्तक विक्रेता के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह को ज्ञापन सौंपा। किरन ने बताया कि अभिभावक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पुस्तक विक्रेता से कुछ किताबें लेनी थी, लेकिन वह किताबों का पूरा सेट लेने को मजबूर कर रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन के संज्ञान में लाया गया।
