उत्तराखंड (देहरादून) 15 अप्रैल 2025: विद्युत उपरगामी लाइनों को अंडर ग्राउंड करने के लिए बिना अनुमति लिए ही सड़कों में गड्ढे खोद दिए गए। गड्डो को ठीक से न भरने के चलते लोगों की जान को खतरा पैदा हो गया। मामले में नेहरू कालोनी पुलिस ने जल संस्थान के अधिकारियों, ठेकेदार व गड्डा खोदने वाली केईआई कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उपनिरीक्षक धनीराम पुरोहित के अनुसार चौकी क्षेत्र में जल सस्थान रायपुर के अधिकारियों व ठेकेदार ने हरिद्वार रोड पर गड्ढे खोदकर उनको पूर्ण रुप से नहीं भरा। इसके लिए अनुमति नहीं ली गयी थी। केईआई ग्रुप द्वारा शहर की विद्युत उपरगामी लाइनों को अंडर ग्राउंड करने के लिए मार्ग कटिंग कर अपना केबिल लाइन डालने का कार्य किया जा रहा है। जिसके लिए इन संस्थाओं को मार्ग पर सशर्त अनुमति प्रदान की गई थी। मार्ग निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि इस मार्ग पर उनके द्वारा बार-बार शर्तों का उल्लंघन किया जा रहा हैं। न तो प्रभावी तरीके से बैरीकेडिंग की जा रही है और न ही कॉश्नरी साइन बोर्ड पर्याप्त मात्रा में लगाए गए है। सम्बन्धित विभाग द्वारा लोक मार्ग को नुकसान किया गया है। शिकायत पर जल संस्थान रायपुर के अधिकारियों, ठेकेदार और केईआई ग्रुप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
