पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र में चलाया सत्यापन अभियान
उत्तराखंड (देहरादून) 7 अप्रैल 2025: पटेलनगर पुलिस ने रविवार को क्षेत्र के मेहूंवाला माफी, लोहियानगर व ब्रहमपुरी में किराएदारों के सत्यापन की कार्रवाई की। इस दौरान किराएदारों का सत्यापन न कराने वालों का चालान किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने जनपद में शांति व कानून व्यवस्था सुचारू रुप से बनाए रखने और अपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने को लेकर सभी अधीनस्थों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में किराएदारों व संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किए जाने को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
आदेश के अनुपालन में रविवार को कोतवाली पटेलनगर पर गठित पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के मेहूंवाला माफी, लोहियानगर व ब्रहमपुरी में बाहरी राज्यों के व्यक्तियों, किराएदारों और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के लिए सत्यापन अभियान चलाया।
अभियान के दौरान करीब 483 किरायेदारों व बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की कार्रवाई की गई। इस दौरान सत्यापन नहीं करवाने वाले 87 व्यक्तियों के पुलिस अधिनियम में चालान कर 8 लाख 70 हजार रुपये का न्यायालय के लिए चालान किए गए। सत्यापन में संदिग्ध पाए गए व्यक्तियों को थाने पर लाकर पूछताछ कर भौतिक सत्यापन किया गया।
