उत्तराखंड (देहरादून) 9 जनवरी 2025: राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आगमी 12 जनवरी को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से दून में 10 किमी दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। इसमें भारतीय सेना, इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी), उत्तराखंड पुलिस, सचिवालय एथलेटिक क्लब समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक प्रतिभाग करेंगे ।
इस आयोजन की थीम स्वस्थ मतदाता- स्वस्थ लोकतंत्र रखी गई है। 10 किमी दौड़ का आयोजन हाथीबड़कला स्थित सर्वे ऑफ इंडिया स्टेडियम से किया जाएगा।सर्वे स्टेडियम से न्यू कैंट रोड होते हुए प्रतिभागी राजभवन के सामने से महिंद्रा ग्राउंड के लिए जाएंगे। यहां से महिंद्रा ग्राउंड से पूरा राउंड लेने के बाद वापस सर्वे स्टेडियम के लिए प्रतिभागी 10 किमी की दौड़ पूरी कर सकेंगे। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंगड़े ने बताया राष्ट्रीय युवादिवस पर होने वाली इस दौड़ का उद्देश्य नागरिकों को मताधिकार के प्रति जागरूक करना है।
