उत्तराखंड (देहरादून) 5 जनवरी 2025: दूसरे की भूमि पर कब्जाकर अवैध रूप से संचालित गैस गोदाम को सील किए जाने के बाद उससे सिलिंडर निकालने कीं बात सामने आई है। इसका वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
जन सूनवाई में प्राप्त शिकायत के आधार पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने रायपुर क्षेत्र में भारत पेट्रोलियम के गैस गोदाम की जांच करवाई थी। जिसमें पता चला कि यह भूमि 95वर्षीय महिला लीला देवी गुरुंग की है। साथ ही पता चला कि भूमि पर लोकेश उनियाल नाम का व्यक्ति गैस गोदाम का संचालन कर रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर उपजिलाधिकारी मुख्यालय कुमकृम जोशी ने गैस गोदाम को सील करवा दिया। साथ ही गैस गोदाम का लाइसेंस तीन माह के लिए निलंबित करने के साथ लाइसेंस के निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू करदी गई है। वहीं शुक्रवार देर रात यह बात सामने आई कि गैस गोदाम के सील परिसर के किसी अन्य दरवाजे से गैस सिलिंडर निकाले जा रहे हैं। इसका वीडियो भी सामने आया।जिसमें दिख रहा है कि गोदाम परिसर से सिलिंडर निकालकर किसी वाहन में रखे जा रहे हैं। प्रकरण में उपजिलाधिकारी कुमकुम जोशी ने कहा कि गोदाम से सिलिंडर निकालने की रिपोर्ट मांगी गई है। यदि ऐसा किया गया है तो नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी ।
