उत्तराखंड (देहरादून) 11 दिसंबर 2024: पछवादून क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर कंग्रेस मुखर होने लगी है । होरावाला में काग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में बीते दस साल में शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को बेपटरी करने का आरोप प्रदेश सरकार पर लगाया। काग्रेस अनुजाति जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रमेश आजाद ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के दावे सिर्फ घोषणाओं में ही हो रहे हैं। धरातल पर वास्तविकता बिल्कुल जुदा है। उन्होने कहा कि पछवादून के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज और अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेजों में खेल मैदान का निर्माण करने, दफ्तरी, सफाई कर्मी, चौकीदार, परिचारकों को नियुक्त करने की मांग कई बार प्रदेश सरकार से की जा चुकी है, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। संसाधनों के अभाव में सरकारी स्कूलों की छात्र संख्या साल दर साल घटती जा रही है। कहा कि अस्पतालों में तैनात चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को अपने मुख्यालय पर ही तैनात रहने के निर्देश दिए जाने चाहिए। स्कूलों के शिक्षक और प्रधानाचार्य भी अपने मुख्यालय से पचास किमी से अधिक दूरी से प्रतिदिन आवागमन कर रहे हैं । कहा कि राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल होरावाला में पंचकर्म चिकित्सा सुविधा स्वीकृत है। लेकिन अभी तक इस विधा के कर्मचारियों की तैनाती नहीं हुई है। उन्होने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर को संयुक्त चिकित्सालय में उच्चीकृत करने की मांग की है। इस दौरान राजीव रावत, पूरण चंद्र, सुदेश बिष्ट, पवन सिंह, मनोज, शेर सिंह, राजकुमार आदि मौजूद रहे।
