उत्तराखंड (देहरादून) 24 अक्टूबर 2024 : क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं का दून पुलिस ने खुलासा किया है। लैपटॉप और मोबाइल चोरी की अलग-अलग घटनाओं में शामिल दो आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। आरोप है कि सुबह के समय छात्रों के कमरों में जाकर नाश्ता देने के बहाने लैपटॉप व मोबाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी के 10 लैपटॉप और 7 मोबाइल फोन बरामद किए गए है । एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आयुष ध्यानी निवासी रामनगर नैनीताल और उमर मोहम्मद निवासी सी-13 टर्नर रोड देहरादून ने शिकायत की थी। बताया था कि सुबह के समय उनके कमरे से लैपटॉप एवं मोबाइल चौरी किए गए। मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से संदिग्ध के सम्बन्ध में जानकारी एकत्रित की गयी। चैकिंग के दौरान सुभाष नगर के पास से सुनील नेगी निवासी गोचर बाजार निकट जीजीआईसी कर्णप्रयाग चमोली की गिरफ्तारी कर चोरी गये 05 लैपटॉप 01 मोबाइल बरामद किया गया। वहीं,दूसरे आरोपी परम निवासी शामली उत्तर प्रदेश के पास से 05 लैपटॉप व 02मोबाइल बरामद कर गिरफ्तारी की गई। पूछताछ में सुनील ने बताया कि वह टिफिन सप्लाई का काम करता है। सुबह के समय नाश्ता डिलीवर करने के बहाने किराए पर रह रहे छात्रों के कमरों में जाकर मौका देखकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। चोरी किये गये लैपटाप व मोबाइल फोनों को अपने साथी परम के माध्यम से अन्य लोगों को बेच देता है।
