
आज 16 मार्च को आगामी लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान होगा। इसी के साथ आधिकारित तौर पर देश और दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक पर्व का बिगुल बज जाएगा। चुनावी तारीखों की घोषणा के दिन पीएम मोदी कर्नाटक से भाजपा का अभियान शुरू करने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी शनिवार 16 मार्च को कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोकसभा चुनाव का प्रचार अभियान शुरू करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी कलबुर्गी में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा, वे कर्नाटक के शिमोगा से भी आगामी लोकसभा चुनावों के लिए अपना अभियान शुरू कर रहे हैं। इन दो सीटों को चुनने के पीछे कई कारण हो सकते हैं।
दरअसल कलबुर्गी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का गृह जिला है जहां से वह 2009 और 2014 मे लोकसभा सदस्य चुने गए थे लेकिन पिछली बार भाजपा के उमेश जाधव से हार गए थे। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक इस बार पार्टी 81 वर्षीय खरगे के दामाद राधाकृष्णन डोड्डामणि को यहां से प्रत्याशी बना सकती है। अब पीएम मोदी यहां रैली को संबोधित करने वाले हैं। वे कलबुर्गी और शिमोगा से समाज के दो वर्गों को साधने की कोशिश कर रहे हैं। इनमें अनुसूचित जाति और लिंगायत समुदाय शामिल है। ये दोनों समुदाय अतीत में भाजपा के कट्टर समर्थक रहे हैं।
कलबुर्गी एक आरक्षित सीट है और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का गढ़ है। खरगे इस बार चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। इसके बावजूद, प्रधानमंत्री खरगे के घर में विपक्षी इंडिया गुट को निशाने पर लेकर एक स्पष्ट संदेश देना चाहते हैं। 2023 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद कर्नाटक की सत्ता पर काबिज कांग्रेस को आम चुनाव में 10 से अधिक सीटें जीतने की उम्मीद है। पार्टी 2019 में केवल बेंगलुरु ग्रामीण लोकसभा सीट जीतने में कामयाब रही थी, जिसका प्रतिनिधित्व कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के भाई डीके सुरेश कर रहे हैं।