उत्तराखंड (देहरादून) 14 सितंबर 2024: किरायेदार युवती पर अतिविश्वास करना एक परिवार को महंगा पड़ा, घर छोड़कर जाते समय युवती घर से कीमती गहने और नगदी पर हाथ साफ कर गई। पुलिस ने किरायेदार युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बंजारावाला के रहने वाले विजयपाल ने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया कि उसके घर पर प्रिया शर्मा उर्फ कुसुम नाम की किरायेदार काफी समय से रहती थी। वह उस पर बहुत विश्वास करने लगे। जब भी घर से बाहर जाते तो घर की चाबी प्रिया को सौंप कर जाते। नौ अगस्त को मायके जाते समय उसकी पत्नी ने प्रिया शर्मा को घर की चाबी सौंप दी। वह अपने काम पर गया हुआ था। तभी प्रिया शर्मा उर्फ कुसूम घर 14 अगस्त को घर खाली करके चली गई। 10 सितम्बर को जब उन्हें सहारनपुर जाने के लिए जेवरात की आवश्यकता हुई तो पता चला कि घर से जेवरात व रुपये गायब है। उन्होंने संदेह जताया कि किराएदार प्रिया उनके कीमती जेवरात और पचास हज़ार की नगदी चोरी कर ले गई है। शिकायत पर पुलिस ने प्रिया को नामजद कर मुकदमा किया है। पुलिस उसके फोन नंबर के जरिए उसकी तलाश कर रही है।
