आशारोड़ी-मोहब्बेवाला सेक्शन का बुधवार देर रात भी सीआरआरआइ के विशेषज्ञों ने किया निरीक्षण
उत्तराखंड (देहरादून) 09 नवंबर 2026: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के आशारोड़ी मोहब्बेवाला सेक्शन में दुर्घटनाओं पर अंकुश ‘के लिए सेंट्रल रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीआरआरआइ) की दो टीमों का अध्ययन अहम होगा। दोपहर के बाद देर रात सीआरआरआइ की विशेषज्ञ टीम ने दोबारा निरीक्षण किया। अब अगले सप्ताह संस्थान की दूसरी टीम दून आएगी। यह टीम संबंधित क्षेत्र में वाहनों की संख्या और उनकी गति का आकलन करेगी।
दोनों टीमों के अध्ययन और विशेषज्ञों की संस्तुतियों के आधार पर तय किया जाएगा कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाने चाहिए। बुधवार को सीआरआरआइ की चार सदस्यीय टीम ने दिन में भी इस सेक्शन का निरीक्षण किया था। इसी तरह के भीषण हादसे पूर्व में भी हो चुके हैं। यही कारण है कि एनएचएआइ अब रोड रिसर्च इंस्टिट्यूट की शरण में पहुंची है। उधर, हादसे के बाद एनएचएआइ और लोनिवि के अधिकारियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर एनएचएआइ के परियोजना निदेशक सौरभ सिंह ने कहा कि एफआइआर और उसमें लगाए गए आरोपों का अध्ययन किया जाएगा। इसके बाद प्राधिकरण की ओर से जवाब दिया जाएगा। दुर्घटनाओं के कारणों और सड़क सुरक्षा से जुड़े पहलुओं के आकलन के लिए सीआरआरआइ की टीमों का अध्ययन महत्वपूर्ण होगा।