उत्तराखंड (देहरादून) 29 मार्च 2026: राजधानी के लाडपुर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक पेट्रोल पंप पर उत्पात मचाने के आरोप में गिरफ्तार किए गए युवक की पुलिस कस्टडी (हवालात) में मौत हो गई है। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और कस्टोडियल डेथ को लेकर सवाल उठने शुरू हो गए हैं।
शनिवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली थी कि लाडपुर स्थित एक पेट्रोल पंप पर एक व्यक्ति पेट्रोल भरवाने के बाद भुगतान नहीं कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस के अनुसार संबंधित व्यक्ति शराब के नशे में था। समझाने के बावजूद जब वह नहीं माना तो उसे थाने लाया गया और शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। थाने में हंगामा करने पर उसे हवालात में बंद कर दिया गया।
कुछ देर बाद वह बेसुध अवस्था में मिला। पुलिसकर्मी तत्काल उसे कोरोनेशन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हवालात के अंदर हुई इस घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आईजी आनंद स्वरूप और एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। वहीं, मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे और हंगामा किया। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। उन बताया कि प्रथम दृष्टया हवालात में आत्महत्या लग रही है। मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं।
