उत्तराखंड (देहरादून) 28 मार्च 2026: नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के मोहकमपुर फ्लाईओवर पर शुक्रवार रात सीएनजी सिलेंडर से लदे वाहन में अचानक गैस लीकेज होने से अफरातफरी मच गई। एहतियात के तौर पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए फ्लाईओवर के दोनों ओर ट्रैफिक रोक दिया।
थानाध्यक्ष संजीत कुमार के अनुसार, घटना रात करीब साढ़े आठ बजे की है। सीएनजी सिलेंडरों से भरा वाहन ऋषिकेश की ओर जा रहा था। मोहकमपुर फ्लाईओवर पर पहुंचते ही अचानक गैस लीकेज शुरू हो गया।
शुरुआत में वाहन में सवार लोगों को इसकी जानकारी नहीं हुई, लेकिन कुछ ही देर में स्थिति का अंदेशा होने पर चालक ने तुरंत वाहन रोक दिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा और स्थिति को संभालते हुए दोनों तरफ का ट्रैफिक बंद कर दिया गया। इसके बाद संबंधित विभाग की तकनीकी टीम को बुलाकर लीकेज को ठीक कराया गया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
घटना के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
