उत्तराखंड (देहरादून) 26 मार्च 2026: मांगों को लेकर पीआरडी जवानों ने सरकार के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। समान कार्य-समान वेतन और सालभर रोजगार की मांग को लेकर बुधवार को प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों का आक्रोश फूट पड़ा। प्रदेशभर से आए एक हजार से अधिक जवानों ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया, जिन्हें पुलिस ने हाथीबड़कला में बैरियर लगाकर रोक दिया। इस दौरान पुलिस और जवानों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। जिसके बाद पीआरडी जवान सड़क पर धरने पर बैठ गए और घंटों सड़क जाम रखी। परेड ग्राउंड में एकत्रित सैकड़ों पीआरडी जवानों ने दोपहर करीब एक बजे कूच किया। करीब डेढ़ बजे रैली जैसे ही हाथीबड़कला पहुंची, पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस पर कुछ आक्रोशित जवान बैरियर कूदकर आगे बढ़ने लगे, लेकिन पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उन्हें पीछे कर दिया। रोके जाने से नाराज जवान न्यू कैंट रोड पर ही धरने पर बैठ गए और सड़क जाम कर दी। दोपहर करीब दो बजे से लेकर शाम छह बजे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने शाम को प्रदर्शनकारियों को बसों में भरकर वापस परेड ग्राउंड पहुंचाया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका। इस आंदोलन को उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के अध्यक्ष बाबी पंवार ने कूच में शामिल होकर समर्थन दिया। प्रदर्शन में पीआरडी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद मंद्रवाल, सचिव संजय सिंह पंवार, कोषाध्यक्ष सुधीर तोमर, जिलाध्यक्ष नवीन बिष्ट, किशन भट्ट आदि शामिल रहे। प्रमोद मंद्रवाल ने चेतावनी दी कि गुरुवार को भी एकता विहार धरना स्थल पर विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा।
