उत्तराखंड (देहरादून) 26 मार्च 2026: मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के विरुद्ध अभियान तेज करते हुए बुधवार को विभिन्न स्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई की। रानीपोखरी, रायवाला और हरिपुर कला क्षेत्र में बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माणों को नियम विरुद्ध पाए जाने पर सील कर दिया गया।
प्राधिकरण के अनुसार ग्राम बागी इठाराना मार्ग, भोगपुर रानीपोखरी क्षेत्र में आइकान रिसार्ट के निकट नफीस द्वारा बिना स्वीकृति प्लाटिंग पर निर्माण किया जा रहा था। निरीक्षण में निर्माण नियमों के विपरीत मिलने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल सीलिंग कर दी। कार्रवाई में अवर, अभियंता दीपक नौटियाल, स्वाती कोहली और संबंधित पर्यवेक्षक मौजूद रहे। इसी तरह रायवाला-ऋषिकेश क्षेत्र में वुड रिसार्ट के सामने प्रीत कुमार द्वारा बनाई गई दुकानों को भी सील किया गया। जांच में सामने आया कि निर्माण बिना मानचित्र स्वीकृति के किया गया था। इसके अलावा हरिपुर कला क्षेत्र की गली संख्या छह में दिनेश मंगाई द्वारा किए गए निर्माण पर भी कार्रवाई की गई। इस दौरान सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, पर्यवेक्षक और पुलिस बल मौजूद रहा। प्राधिकरण उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। बिना स्वीकृति प्लाटिंग और निर्माण से नियोजित विकास प्रभावित होता है, इसलिए जहां भी शिकायत या जानकारी मिल रही है, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
