उत्तराखंड (देहरादून) 19 फरवरी 2026: बेवर्ली हिल्स शालिनी स्कूल, सहस्रधारा रोड पर एक छात्रा को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और जबरन ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) देने के गंभीर आरोप लगे हैं। इस मामले में खंड शिक्षा अधिकारी ने स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर छात्रों को परीक्षा में बैठाने के निर्देश दिए हैं।
छात्रा के पिता ने खंड शिक्षा अधिकारी, रायपुर को शिकायत दी है। शिकायत में बताया गया है कि छात्रा सत्र 2025-26 में कक्षा 11 में पढ़ाई कर रही थी। नवंबर में मोबाइल फोन से जुड़ी एक शिकायत के बाद स्कूल प्रबंधन ने छात्रा और उसके स्वजन पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। अभिभावकों से कथित तौर पर माफी मंगवाई गई और भविष्य में ऐसी गलती न होने का आश्वासन भी लिया गया। आरोप है कि इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन ने छात्रा को डराने-धमकाने के लिए टीसी का आवेदन भरवाया और कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए। साथ ही छात्रा को लगभग 20 दिनों तक स्कूल न आने के लिए कहा गया।
जब अभिभावकों ने छात्रा को स्कूल भेजने का प्रयास किया तो प्रबंधन ने परीक्षा दिलाने से इन्कार किया और टीसी परीक्षा के बाद जारी करने की बात कही। अभिभावकों का कहना है कि नौ फरवरी को टीसी देने के प्रयास के दौरान उन्होंने इसका विरोध किया। यह भी आरोप लगाया कि टीसी आवेदन फार्म नाबालिग छात्रा से भरवाया गया, जबकि कुछ प्रविष्टियां स्कूल प्रबंधन द्वारा ही भरी गई थीं। इस कारण छात्रा पिछले कई सप्ताह से घर पर है, जिससे उसकी पढ़ाई और मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है।
खंड शिक्षा अधिकारी हेमलता गौड़ उनियाल ने बताया कि स्कूल प्रबंधन को नोटिस भेजकर छात्रा को तुरंत परीक्षा में बैठाने के निर्देश दिए गए हैं। शिकायत की जांच जारी है और यदि आरोप सही पाए गए तो स्कूल प्रबंधन के खिलाफ आरटीई के नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
