उत्तराखंड (विकासनगर) 11 अक्टूबर 2025: कालसी ब्लॉक में अभी तक नवनिर्वाचित प्रधानों को पूर्व प्रधानों ने चार्ज नहीं दिया है। जिससे प्रधानों में आक्रोश व्याप्त है। नवनिर्वाचित प्रधानों ने खंड विकास अधिकारी को पत्र लिखकर एक हफ्ते के अंदर चार्ज दिलाने की मांग की है।
प्रधान संगठन कालसी के अध्यक्ष चरण सिंह और महामंत्री सुरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि कालसी ब्लॉक के कुछ ग्राम पंचायतों के पूर्व प्रधानों ने नवनिर्वाचित प्रधानों को अभी तक बस्ता नहीं सौपा है। जबकि, इसके लिए कई बार आग्रह किया जा चुका है। नवनिर्वाचित प्रधानों को चार्ज न मिलने से ग्राम पंचायतों में विकास कार्य शुरू नहीं हो पा रहे है। उन्होंने खंड विकास अधिकारी से तत्काल नवनिर्वाचित प्रधानों को चार्ज दिलाने की मांग की। साथ ही उन्होंने खंड विकास अधिकारी से प्रधानों के प्रशासक कार्यकाल 28 नवम्बर 2024 से 30 सितम्बर 2025 तक के खाते की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को आदेशित करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि विकासखंड कालसी में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी सप्ताह में दो ही दिन उपस्थित रहते है। उन्होंने कहा कि उनकी शतप्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। विकासखंड कार्यालय में ब्लॉक के सभी ग्राम पंचायत के प्रधानों की बैठने की उचित व्यवस्था नहीं है। इसलिए व्यिवस्था की जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती है तो संगठन धरना-प्रदर्शन को बाध्य होगा। ज्ञापन देने वालों में दयाराम शर्मा, गजेंद्र सिंह, ममता जोशी, सुमन चौहार, अजब सिंह, विनीता शर्मा, रमेश चौहान आदि मौजूद रहे।
