उत्तराखंड (देहरादून) 11 अक्टूबर 2025: उत्तराखण्ड स्पेशल टास्क फोर्स को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने बीते 17 वर्षों से फरार चल रहे 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश हरिसिंह उर्फ हरीश को रुड़की क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाश वर्ष 2007 में रुड़की जेल की दीवार कूदकर भाग गया था और तब से अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। एसएसपी, एसटीएफ उत्तराखण्ड ने बताया कि नोएडा एसटीएफ से मिली सूचना के आधार पर टीम ने फरार चल रहे ईनामी बदमाश हरिसिंह उर्फ हरीश को थाना रुड़की क्षेत्र से गिरफ्तार किया। हरिसिंह उर्फ हरीश थाना गंगनहर में दर्ज एक मामले मे वर्ष 2007 में अपने 03 अन्य साथियों के साथ मिलकर रुड़की में एक मोबाइल शॉप में चोरी की थी। गंगनहर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर रुड़की जेल भेज दिया था। कुछ ही दिनों बाद हरिसिंह उर्फ हरीश रुड़की जेल की दीवार फांदकर भाग गया था। वह नाम और पहचान बदलकर पंजाब, हरियाणा और अन्य राज्यों में रह रहा था। एसटीएफ की टीम कई वर्षों से उसे पकड़ने के लिए मैनुअल सूचना एकत्र कर रही थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई राज्यों में लगातार दबिश दे रही थी। आरोपित अग्रवाल मंडी टटीरी बागपत उत्तर प्रदेश निवासी आरोपी ने एक नाम भारत भूषण निवासी डेराबस्सी मोहाली पंजाब भी रखा हुआ था।
