उत्तराखंड (देहरादून) 2 अक्टूबर 2025: भाजपा ने विवादित इंटरनेट मीडिया पोस्ट पर हंगामे को लेकर पुलिस की कड़ी कार्रवाई को जरूरी बताया। प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा किसी को भी माहौल बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जा सकती। ये धामी सरकार है, ऐसे अराजक तत्वों से इसी तरह कड़ाई से निपटा जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि हमारी सरकार किसी को कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं करने देगी। चाहे वह इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला शख्स हो या ऐसी टिप्पणियों की आड़ में कानून अपने हाथ में लेने वाले लोग। इस घटना में जिस तरह धार्मिक उन्माद फैलाने की कोशिश हुई वो निंदनीय है। जिस तरह पुलिस प्रशासन ने तत्काल मामले को पूरी तरह संभाला और साजिशकर्ताओं पर सख्त कार्रवाई की वह प्रशंसनीय हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस तरह की विवादित टिप्पणी आरोपी ने की उसे किसी भी तरह से जायज नहीं ठहराया जा सकता। जैसे ही प्रकरण संज्ञान में आया, पुलिस ने तत्काल आरोपी को हिरासत में ले लिया। ऐसे में सभी को कानूनी प्रक्रिया का पालन करना चाहिए था।
