उत्तराखंड (मसूरी) 30 सितंबर 2025: मसूरी-देहरादून मार्ग पर आपदा के 15 दिन बीत जाने के बाद भी परिवहन निगम ने बड़ी बसों का संचालन शुरू नहीं किया है। जिस कारण देहरादून आने-जाने वाले लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।
बसों का संचालन नहीं होने के कारण लोगों में लगातार आक्रोश बढ़ रहा है। अभी केवल परिवहन निगम टैंपो ट्रेवलर चला रहा है जिसमें किसी भी प्रकार के पास की सुविधा नहीं है, जबकि देहरादन में रोजगार करने वाले या मसूरी में रोजगार करने आने वालों, स्कूली छात्र-छात्राओं को इसका नुकसान उठाना पड़ रहा है। पास बनाने के बावजूद इन बसों में पैसा देकर आना-जाना पड़ रहा है। वरिष्ठ नागरिकों व राज्य आंदोलनकारियों को भी इन बसों में सुविधा न होने के कारण मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। उच्च शिक्षा के लिए देहरादून जाने वाले छात्र पर्णव ने बताया कि उनका पास बना है लेकिन टैपो ट्रेवलर में यह नहीं चल रहा जिस कारण उन्हें पैसा देकर जाना पड़ रहा है।
देहरादून कार्य करने वाले सोहन सिंह ने बताया कि उन्होंने मासिक पास बना रखा है जो इस बस में नहीं चल रहा हैं। राज्य आंदोलनकारी मंच के महामंत्री पूरण जुयाल ने कहा कि इन टैपों बसो में न ही वरिष्ठ नागरिक को पास की सुविधा है न ही राज्य आंदोलनकारियों के लिए। इस संबंध में जब रोडवेज के अधिकारियों को फोन कर संपर्क करना चाहा लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
