उत्तराखंड (नैनीताल) 29 सितंबर 2025: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नकल माफिया पेपर लीक का षडयंत्र रचकर युवाओं को छलने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने दोहराया कि प्रदेश में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।
धामी रविवार को नैनीताल ने दुर्गापुर स्थित पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार माध्यमिक विद्यालय में आयोजित ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर विद्यार्थियों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेधावी छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जा रही है।
उन्होंने शिक्षा को मनुष्य का सबसे बड़ा आभूषण बताते हुए कहा कि इसी सोच के साथ प्रदेश में नई शिक्षा नीति लागू की गई है, जिससे शिक्षा को अधिक व्यवहारिक बनाया जा सके। मुख्यमंत्री ने विद्या भारती के योगदान को अनुकरणीय बताया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने विद्या भारती के सात विद्यालयों को सैनिक स्कूल में परिवर्तित करने के लिए चयनित किया है।
देहरादून में चल रहे अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के प्रश्न पत्र लीक मामले का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नौजवान प्रदेश और देश का भविष्य है और उनके साथ अन्याय किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाये जाने वालों को कठोर दंड दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में 25 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को अपनी प्रतिभा और योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिली है।
