उत्तराखंड (देहरादून) 23 अगस्त 2025: क्षेत्र में हुई चोरी की एक घटना का खुलासा करते हुए बसंत विहार पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले चोर को टी स्टेट माध्यमिक विद्यालय चौक हरबंसवाला से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित के पास से एक लाख रुपए से ज्यादा की ज्वैलरी और 16 हजार की नगदी बरामद हुई है। नशे की महंगी लत को पूरा करने के लिए उसने घटना को अंजाम दिया था। चोरी के मामले मे वह पहले भी जेल की हवा खा चुका है।
थाना बसंत विहार पुलिस के अनुसार मामले मे माधुरी गर्ग निवासी शांति विहार गोविंदगढ़ ने शिकायत दी कि चोरों ने उनके घर से नगदी व ज्वैलरी चोरी कर ली। मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास व आने जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज खंगाल कर संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई। मिली जानकारी से स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। साथ ही पूर्व में चोरी की घटनाओं में प्रकाश में आए चोर बदमाशो की वर्तमान स्थिति की जानकारी कर उनका भौतिक सत्यापन किया। पुलिस टीम द्वारा किए जा रहे प्रयासों, गश्त व चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने टी स्टेट माध्यमिक विद्यालय चौक हरबंसवाला से घटना को अंजाम देने वाले धर्मेद्र दास उर्फ बोल्ट निवासी हरचनना पंचोक थाना बिशनपुर जिला दरभंगा बिहार को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में चोरी की गई 01 लाख रुपए से अधिक मूल्य की ज्वैलरी और 16 हजार रुपए नगद बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपित ने पूछताछ में बताया कि वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और मजदूरी का काम करता है। वह नशे का आदी है और अपनी नशे की जरूरत को पूरा करने के लिए उसने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। उसका पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल जाना पता चला है, जिसके संबंध में जानकारी की जा रही है।
